मीरगंज , बरेली। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में बिना पंजीकरण और आवश्यक मानकों के संचालित हो रहे अवैध अस्पतालों व नर्सिंग होमों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ये संस्थान न केवल स्वास्थ्य विभाग के नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं, बल्कि आम नागरिकों की जान के साथ भी गंभीर खिलवाड़ कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई तथाकथित अस्पतालों में न तो योग्य डॉक्टर उपलब्ध हैं और न ही प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ। आवश्यक चिकित्सा उपकरणों, आपातकालीन सुविधाओं और साफ-सफाई के अभाव में मरीजों का इलाज किया जा रहा है। इसके बावजूद इन अस्पतालों द्वारा मरीजों से मनमानी फीस वसूली जा रही है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि अवैध अस्पतालों के खिलाफ कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कार्रवाई केवल कागजी औपचारिकताओं तक सीमित रह गई। इससे ऐसे संस्थानों के हौसले बुलंद हैं और वे बेखौफ होकर अपना संचालन जारी रखे हुए हैं।
जब इस मामले में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका।
हालांकि, सीएचसी प्रभारी डॉ. संचित शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में लगातार जांच-पड़ताल की जा रही है और अवैध रूप से संचालित अस्पतालों के खिलाफ शीघ्र ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनता ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अवैध अस्पतालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित, विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
प्रवन पाण्डेय
ITN National
जिला संवाददाता बरेली