दुद्धी सोनभद्र। भारत निर्वाचन आयोग के लखनऊ निर्देशानुसार मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश के आदेश संख्या-170/सीईओ-4-35/4-2025 दिनांक 15 जनवरी 2026 के तहत विधानसभा क्षेत्र 403-दुद्धी (अनुसूचित जनजाति) में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के दौरान दावे-आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में चार विशेष अभियान तिथियां निर्धारित की गई हैं। ये तिथियां हैं- 17 जनवरी 2026 (शनिवार), 18 जनवरी 2026 (रविवार), 31 जनवरी 2026 (शनिवार) और 1 फरवरी 2026 (रविवार)।
उपजिलाधिकारी व निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी विधानसभा 403-दुद्धी ने सर्वसाधारण को अपील की है कि इन विशेष अभियानों में सभी बूथ लेवल अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने मतदेय स्थलों पर एकीकृत निर्वाचक नामावली व सभी फॉर्म लेकर उपस्थित रहेंगे। नागरिक निःशुल्क नामावली का निरीक्षण कर सकेंगे।
खास तौर पर 18 जनवरी को अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर नाम जांचें। नाम बढ़ाने के लिए फॉर्म-6 (अनुलग्नक-4 सहित घोषणापत्र), प्रवासी मतदाताओं के लिए फॉर्म-6क, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नामांतरण, सुधार, ईपीआईसी प्रतिस्थापन या दिव्यांग चिन्हांकन के लिए फॉर्म-8 भरकर जमा करें। सभी नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा की गई है।
सोनभद्र/दुद्धी (विवेक सिंह)