कैलाश आर्य मिडिया रिपोर्टर चिचोली
घोड़ाडोंगरी। ग्रामोदय से अभ्युदय मध्य प्रदेश ग्राम विकास पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में शासकीय महाविद्यालय घोड़ाडोंगरी में ब्लॉक स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान मप्र जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक प्रिया चौधरी के नेतृत्व में जिले के सभी विकासखंड में चलाया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रारंभ में ब्लॉक समन्वयक, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, घोड़ाडोंगरी संतोष राजपूत ने बताया कि अभियान का उद्देश्य ग्राम विकास, सामाजिक समरसता एवं नागरिक सहभागिता को सशक्त बनाना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश यादव ने पांच वर्तन व्यवहार परिवर्तन, सामाजिक परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण, स्वावलंबन एवं सकारात्मक जीवनशैली को विकसित ग्राम की आधारशिला बताया। थाना प्रभारी अरविंद कुमरे ने कानून व्यवस्था एवं यातायात नियमों की जानकारी देते हुए अनुशासन एवं पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने की अपील की। जनपद पंचायत सदस्य प्रदीप विश्वास ने आदर्श ग्राम की परिकल्पना पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छता, शिक्षा, सहभागिता एवं नैतिक मूल्यों से ही ग्रामों का सर्वांगीण विकास संभव है। आदिवासी नेता दीपक उइके ने सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वावलंबन अभियान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए स्थानीय संसाधनों के संरक्षण और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता जतिन प्रजापति ने और आभार परामर्शदाता विजय महतो ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन साथ चलें, साथ बढ़ें के संकल्प के साथ हुआ। आयोजन में नवांकुर संस्थाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।