ज़ाकिर झंकार | आहवा
डांग जिला सेवा सदन, आहवा में आज जिला कलेक्टर सुश्री शालिनी दुहान की अध्यक्षता में जिला समन्वय-सह-शिकायत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलेक्टर एवं जिला विकास अधिकारी द्वारा क्षेत्रीय दौरे के दौरान सामने आई कमियों की पूर्ति तथा ग्रामीण समस्याओं के समाधान को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में लंबित आवेदनों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों, ई-सरकार पोर्टल, सीएम डैशबोर्ड, स्वागत पोर्टल एवं पीजी पोर्टल से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इसके साथ ही सुबीर तालुका में एसटी बस डिपो, विश्राम गृह, पुस्तकालय तथा कॉलेज हेतु नई भूमि आवंटन के संबंध में की गई कार्रवाई और भूमि प्रस्तावों की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
बैठक में जिला विकास अधिकारी श्री के.एस. वसावा, अतिरिक्त निवासी कलेक्टर श्री एस.डी. तबियार, जिला आपूर्ति अधिकारी श्री यू.वी. पटेल, प्रांत अधिकारी सुश्री काजल आंबलिया सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।