विजयराघवगढ़।
संवेदनशीलता और जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए विजयराघवगढ़ विधायक संजय सतेंद्र पाठक ने आर्थिक तंगी से जूझ रही एक बेसहारा छात्रा की उच्च शिक्षा का मार्ग प्रशस्त किया है।
विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुसमा निवासी छात्रा, जिनके माता-पिता दोनों का पहले ही निधन हो चुका है, वर्तमान में द्वारका प्रसाद कॉलेज, विजयराघवगढ़ में एमए की पढ़ाई कर रही है। माता-पिता की गैरमौजूदगी और कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण छात्रा कॉलेज की फ़ीस जमा करने में असमर्थ थी, जिससे उसकी पढ़ाई रुकने की आशंका उत्पन्न हो गई थी।
इस गंभीर स्थिति की जानकारी जैसे ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संयोजक तरुण पाण्डेय को लगी, उन्होंने बिना देरी किए पूरे मामले को क्षेत्रीय विधायक संजय सतेंद्र पाठक के संज्ञान में लाया।
जानकारी मिलते ही विधायक पाठक ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल छात्रा की संपूर्ण फ़ीस का भुगतान कर दिया, जिससे उसकी पढ़ाई में कोई बाधा उत्पन्न न हो।
इस सराहनीय कदम से न केवल छात्रा और उसके परिजनों ने राहत की सांस ली, बल्कि क्षेत्र में विधायक की इस पहल की खूब प्रशंसा की जा रही है। यह कदम समाज में शिक्षा के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशील जनप्रतिनिधित्व का उदाहरण बन गया है।
कैमोर से श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट ।