इंडियन टी वी न्यूज रिपोर्टर अनिल कुमार सोनी ब्यूरो चीफ बहराइच
जनपद बहराइच के थाना विशेश्वरगंज क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर के समीप सड़क किनारे एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने जब नवजात को सड़क किनारे मृत अवस्था में पड़ा देखा तो तत्काल आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। नवजात को किन परिस्थितियों में यहां छोड़ा गया, यह हत्या का मामला है या किसी अन्य कारण से उसकी मृत्यु हुई—इन सभी बिंदुओं पर पुलिस गहन जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।