दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
विंढमगंज थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश-झारखंड सीमा पर हनुमान मंदिर के समीप शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे एक 16 चक्का चेसिस अनियंत्रित होकर एक होटल में घुस गई। साइकिल दुकान को चपेट में लेते हुए चेसिस ने होटल को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया, लेकिन ग्राहक बाल-बाल बच गए। चालक को मिर्गी का दौरा पड़ने से हादसा हुआ, कोई हताहत नहीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झारखंड से आ रही तेज रफ्तार चेसिस ने पहले साइकिल दुकान को तोड़ा और फिर सोमारी देवी (पत्नी स्व. बैजनाथ प्रसाद) की होटल में धंस गई। इस होटल से ही पीड़ित परिवार का गुजारा चलता था। घटनास्थल पर मौजूद आनंद द्विवेदी ने बताया कि पांच-छह ग्राहक चाय पी रहे थे। अचानक चेसिस अनियंत्रित होकर दुकान तोड़ते हुए होटल की ओर आई। ग्राहकों ने जान बचाई, वरना बड़ा हादसा हो जाता।
पुलिस ने बताया कि चालक मिर्गी रोगी है। दौरा पड़ने से वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। गनीमत रही कि कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन होटल को भारी क्षति पहुंची। पीड़ित परिवार ने स्थानीय प्रशासन से मरम्मत और उचित मुआवजे की मांग की है।