वाराणसी से प्रवीण मिश्रा की रिपोर्ट।
इंडियन टीवी न्यूज नैशनल।
वाराणसी कमिश्नरेट में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। दिनांक 06 फरवरी 2026 को मोहित अग्रवाल, पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा पुलिस कार्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान नवीनीकरण कार्यों की प्रगति तथा विभिन्न शाखाओं में लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में साफ-सफाई, अभिलेखों की सुव्यवस्थित व्यवस्था और कार्यस्थल की कार्यकुशलता पर विशेष ध्यान देते हुए स्वच्छ एवं अनुशासित वातावरण बनाए रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि पुलिस कर्मी 24 घंटे ड्यूटी में तैनात रहते हैं, ऐसे में मेडिकल, टीए/डीए, वेतनवृद्धि, पदोन्नति, पेंशन और मृतक आश्रित नियुक्ति से जुड़े मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर और समयबद्ध तरीके से किया जाना सुनिश्चित किया जाए। बाबुओं एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी पत्रावली को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर फाइलें बेवजह लंबित पाई गईं तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कर्मियों एवं पेंशनरों को टीए भुगतान, मेडिकल बिल प्रतिपूर्ति अथवा अन्य देयकों के लिए कार्यालय के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दैनिक सफाई, कचरा निस्तारण और सीसीटीवी निगरानी के माध्यम से अनुशासन सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक में शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय), प्रमोद कुमार, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय), अपूर्व पाण्डेय, सहायक पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) सहित संबंधित शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह कार्रवाई वाराणसी पुलिस में पारदर्शिता, कार्यकुशलता और कर्मियों के कल्याण को प्राथमिकता देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।।