दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
कोतवाली क्षेत्र के महुअरिया रेलवे स्टेशन और टेढ़ा गांव के बीच रेलवे ट्रैक (पोल संख्या 72/32) पर शनिवार सुबह एक युवक घायल अवस्था में मिला। ट्रेन से गिरने के कारण गंभीर रूप से जख्मी सोनू (20), पुत्र संजय निवासी जोगीडीह थाना हाथीनाला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सुबह करीब साढ़े पांच बजे डाउन ट्रेन 08612 एक्सप्रेस के लोको पायलट को ट्रैक पर घायल युवक नजर आया। उन्होंने तुरंत महुअरिया स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी। स्टेशन अधीक्षक ने आरपीएफ पुलिसकर्मी संजय कुमार तिवारी को घटनास्थल भेजा।
आरपीएफ पुलिस और ग्रामीणों के पहुंचने पर डायल 112 तथा एम्बुलेंस 108 को सूचना दी गई। एम्बुलेंस कर्मी 5:30 बजे मौके पर पहुंचे और घायल सोनू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले आए। यहां ड्यूटी डॉक्टर सुनील कुमार ने सहयोगी स्वास्थ्यकर्मियों के साथ प्राथमिक उपचार किया। युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
डायल 112 पुलिस ने युवक के आधार कार्ड और मोबाइल फोन से परिजनों से संपर्क किया। परिजनों ने बताया कि सोनू काम के सिलसिले में निकला था, लेकिन ट्रेन से गिरकर पटरी पर घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।