राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी – जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने के कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा जिला टास्क फोर्स की बैठक में दिये गये निर्देश के पालन में पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्यवाही करते हुये गुरुवार की रात तहसील बड़वारा के अंतर्गत मझगवां क्षेत्र में दबिश देकर रेत का अवैध परिवहन कर रहे दो डंपरों को जब्त किया।
उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित ने बताया कि खनिज विभाग की टीम ने सघन चेकिंग के दौरान बरही तिराहा के पास एक बिना नंबर वाले डंपर को रोका। जांच करने पर वाहन के पास खनिज परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज नहीं मिले। वहीं, दूसरी कार्यवाही मझगवां बायपास के समीप की गई, जहाँ एक डंपर ईटीपी में दर्ज मात्रा से कहीं अधिक रेत ले जाते हुए पाया गया। इसके बाद दोनों मामलों में अवैध परिवहन का प्रकरण दर्ज कर वाहनों को कुठला पुलिस थाने में सुरक्षित खड़ा करा दिया है।
उपसंचालक दीक्षित ने जानकारी दी कि वर्तमान में कटनी जिले में केवल तीन स्थानों पर पूर्व भंडारित रेत के उठाव की अनुमति है। जिले में रेत की मुख्य आपूर्ति पड़ोसी जिले उमरिया की खदानों से की जा रही है। आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी रखते हुये खनिजों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध इसी तरह की कठोर कार्यवाही जारी रहेगी।