खबर झांसी से रायकवार समाज के लोगों एवं पीड़ित परिवार द्वारा जिलाधिकारी महोदय झांसी को एक लिखित ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में प्रार्थी राजेंद्र पुत्र श्री कालूराम, निवासी तिलेथा खुर्द, थाना बरुआसागर, जनपद झांसी का उल्लेख किया गया है। पीड़ित परिवार के अनुसार दिनांक 20 दिसंबर 2025 को उनके परिजन अवधेश रैकवार पर प्राणघातक हमला किया गया था। हमले में धारदार हथियारों का प्रयोग किया गया, जिससे अवधेश को गंभीर चोटें आईं।
इस मामले की रिपोर्ट थाना गुरसरांय में दर्ज कराई गई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस द्वारा आज तक हमलावरों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इतना ही नहीं, पीड़ित परिवार पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है और हमलावरों द्वारा धमकियाँ भी दी जा रही हैं।
परिवार ने बताया कि इलाज के दौरान दिनांक 28 जनवरी 2026 को अवधेश रैकवार की मृत्यु हो गई। इसके बाद परिवार ने कुलदीप राजपूत एवं संगम अहिरवार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराने हेतु थाना गुरसरांय में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
आज जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में पीड़ित परिवार एवं रायकवार समाज के लोगों ने घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर, उन्हें कठोर से कठोर सजा दिलाने की मांग की है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।