दुद्धी सोनभद्र (विवेक सिंह)।
कोतवाली क्षेत्र के कटौंधी चौराहे पर रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हो गया । भट्टी मोड़ की ओर से दुम्हान गांव जा रही तेज रफ्तार बाइक ने टेम्पो को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। परिजनों का आरोप है कि बाइक सवार नशे में धुत थे, जिससे यह हादसा हुआ।
घायलों में परेवा देवी (50) निवासी झारो शामिल हैं, जो टेम्पो पर सवार होकर रेणुकूट जा रही थीं। बाइक पर सवार अमर सिंह (28) पुत्र सोवालाल और उमेश (22)पुत्र समरत दोनों निवासी दुम्हान बताए गए हैं। टक्कर के बाद टेम्पो पर चढ़ ही रही परेवा देवी सड़क पर गिर पड़ीं।टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना एंबुलेंस और पुलिस को दी ।
102 एम्बुलेंस से घायलों को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया।जहां डॉ. सुनील सिंह के नेतृत्व में तीनों घायलों का इलाज जारी है।इस हादसे में उमेश को सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें लगी हैं, परेवा देवी को सिर और बाएं पैर में चोटें आई हैं, जबकि अमर सिंह को भी विभिन्न भागों में चोटें हैं। तीनों की हालत फिलहाल स्थिर है।
घटना की सूचना पर सीएचसी में परिजनों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों के आरोपों की पड़ताल करेगी।