फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने 70 ग्राम अवैध स्मैक के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है।
थाना पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 फरवरी 2026 को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एएनए कॉलेज रोड से हाईवे को जाने वाले कच्चे रास्ते से दो व्यक्ति स्मैक की तस्करी कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों अभियुक्तों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त दिनेश गुप्ता पुत्र वीरेन्द्र गुप्ता, उम्र लगभग 44 वर्ष, निवासी सर्वोदय नगर, थाना सीबीगंज, बरेली के पास से 47 ग्राम अवैध स्मैक तथा अभियुक्त सलमान पुत्र मुस्तफा, उम्र 27 वर्ष, निवासी मोहल्ला अंसारी, कस्बा एवं थाना फतेहगंज पश्चिमी के पास से 23 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। कुल बरामदगी 70 ग्राम स्मैक रही। इस संबंध में थाना फतेहगंज पश्चिमी पर एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। दोनों अभियुक्तों को नियमानुसार माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
फतेहगंज पश्चिमी थाना अध्यक्ष प्रयागराज सिंह ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि यह स्मैक गुलाम जाबिर एवं गुलाम साबिर पुत्र बाबू, निवासी मोहल्ला सराय, फतेहगंज पश्चिमी से खरीदते थे और अधिक दामों में बेचकर लाभ कमाते थे। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
फतेहगंज पश्चिमी थाना अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगी।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली