जाकिर झंकार: आहवा डांग
सापुतारा|मालेगाम गांव से आपातकालीन मामला मिलने पर 108 सापुतारा लोकेशन की एम्बुलेंस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। 22 वर्षीय जागृति बेन जिग्नेशभाई गायकवाड़ को प्रसव के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, इसी दौरान सामगहाण–मालेगाम मार्ग पर उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ईएमटी मिथुन पवार और पायलट अशोक देशमुख ने सूझबूझ का परिचय देते हुए एम्बुलेंस को सड़क किनारे रोककर सुरक्षित प्रसव कराया। प्रसव के दौरान नवजात के गले में गर्भनाल लिपटी हुई थी तथा मां को हाई ब्लड प्रेशर और पैरों में सूजन की समस्या थी, जिससे मां और बच्चे दोनों के जीवन को खतरा बना हुआ था।
अहमदाबाद हेड ऑफिस की डॉ. रुचि मैडम के मार्गदर्शन में आवश्यक इंजेक्शन, दवाइयां और ऑक्सीजन दी गई। इसके बाद मां और नवजात को आगे के उपचार हेतु नजदीकी सीएचसी साम-गहाण में भर्ती कराया गया।
महिला के परिजनों ने 108 एम्बुलेंस टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर 108 के ईएमई श्री विजय गामित एवं पीएम श्री हेमंत सोलंकी ने टीम को प्रोत्साहित करते हुए सराहना की।