दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
कोतवाली क्षेत्र के डुमरडीहा गांव में मंगलवार शाम करीब 4 बजे घर लौट रहे 65 वर्षीय वृद्ध राकेश कुमार कुशवाहा पुत्र स्व. हरिशंकर कुशवाहा निवासी डुमरडीहा,को दुद्धी की ओर से तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। लूना बाइक पर सवार बुजुर्ग कुछ दूर उछलकर गिर पड़े, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और वे खून से लथपथ हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नशे में धुत दोनों बाइक सवार चालक नंदू (26)पुत्र बहादुर पनिका और सूरज (25) पुत्र रत्नेश केशरी दोनों निवासी झारो भी अनियंत्रित होकर गिर पड़े।चालक नंदू को गंभीर चोटे आई जबकि सूरज को हल्की चोटें आईं। घटनास्थल पर पहुँची कोतवाली पुलिस के कांस्टेबलों ने सभी घायलों को टेम्पो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुँचाया।
सीएचसी में चिकित्सक डॉक्टर वरूणानिधि ने बुजुर्ग के सिर की गंभीर चोट और कान-नाक से खून बहने पर उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।वहीं दोनों युवकों का इलाज सीएचसी में ही चल रहा है।
मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुभाष चंद्र कुशवाहा, उपनिरीक्षक श्याम सिंह यादव, कांस्टेबल लक्ष्मण शंकर यादव आदि मौजूद रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।