दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
अपना दल (एस) ने दुद्धी विधानसभा क्षेत्र में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनावों की तैयारी को नई गति दी है।प्राचीन शिवाजी तालाब स्थित उत्सव वाटिका दुद्धी में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में संगठनात्मक ढांचे को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव व विधानसभा प्रभारी राकेश यादव ने कहा कि पार्टी अब योजनाबद्ध तरीके से चुनावी रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिला अध्यक्ष अंजनी पटेल ने संगठन की मजबूती को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए समन्वय और अनुशासन पर बल दिया।
ब्लॉक प्रमुख म्योरपुर मान सिंह गोंड़ ने जमीनी स्तर पर बढ़ती सक्रियता का जिक्र किया, जबकि पंचायत मंच जिला अध्यक्ष राम सुरेश कुशवाहा ने युवाओं व पंचायत कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताया। विधानसभा अध्यक्ष निरंजन जायसवाल ने जोन, सेक्टर और बूथ स्तर पर सक्रियता की सराहना की।
बैठक में सदस्यता अभियान, मतदाता संपर्क और चुनावी रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। सभी ने संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया। प्रमुख उपस्थित: जिला उपाध्यक्ष विनोद यादव, विधानसभा उपाध्यक्ष अमर सिंह खरवार, महासचिव राजकुमार पटेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।