राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी – यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने एवं आम नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा शहर के नो पार्किंग जोन क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया।अभियान के थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नो पार्किंग जोन में अवैध रूप से खड़े कुल 40 वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। उक्त कार्रवाई में कुल ₹20,000/- समन शुल्क वसूल किया गया।
कार्रवाई के दौरान यह पाया गया कि नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित हो रहा था, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस द्वारा वाहन चालकों को नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहने की समझाइश भी दी गई।
थाना कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से अपील है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा न करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग कर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखें।।