बरेली। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में सोमवार शाम करीब सवा पांच बजे नेशनल हाईवे स्थित माधौपुर ओवरब्रिज के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आगे चल रही मिट्टी से भरी ट्रॉली में पीछे से आ रहे अनियंत्रित कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक स्टीयरिंग में बुरी तरह फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कैंटर शराब से लदा हुआ था और तेज रफ्तार में बताया जा रहा है। टक्कर के बाद वाहन का केबिन पिचक गया, जिससे चालक बाहर नहीं निकल पा रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एसआई विनोद शर्मा, प्रवीन कुमार, कांस्टेबल इंदल सिंह और नवनीत कुमार ने टोल प्लाजा की सीसी टीम के सहयोग से कड़ी मशक्कत कर फंसे हुए चालक को बाहर निकाला। घायल चालक की पहचान गाजियाबाद निवासी रवि कुमार गौतम के रूप में हुई है।
पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायल को तुरंत अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है। दुर्घटनाग्रस्त कैंटर को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया गया है।
घायल चालक रवि कुमार गौतम ने बताया कि वह कानपुर से शराब भरकर रामपुर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
इस घटना के बाद एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे उजागर हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरब्रिज के आसपास सख्त निगरानी और रफ्तार पर नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली