फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी प्रशासन ने कस्बे में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। पूर्व में नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अतिक्रमण न हटाने पर निर्धारित अवधि पूर्ण होने के बाद बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण को हटाया गया।
नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि संबंधित दुकानदारों को पहले ही नोटिस देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था, लेकिन समय-सीमा समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण जस का तस बना रहा। इसके बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए बुलडोजर की मदद से सड़क व सार्वजनिक स्थानों से अवैध कब्जे हटवाए।
कार्रवाई के दौरान नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर, प्रिंसी गंगवार, हल्का लेखपाल आदित्य गंगवार तथा चौकी प्रभारी अनूप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गो और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली