सहारनपुर। जिले में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन और पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। इसी क्रम में जिला मजिस्ट्रेट मनीष बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बीएचएस इंटर कॉलेज तथा कर्मचंद चंडी प्रसाद आर्य कन्या इंटर कॉलेज सहित अन्य केंद्रों पर पहुंचकर अधिकारियों ने परीक्षा की व्यवस्थाओं को परखा।
डीएम व एसएसपी ने परीक्षा कक्षों, परिसर, स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा, शौचालय, पेयजल और सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया। इसके बाद कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सभी केंद्रों की लाइव स्थिति भी देखी गई।
निरीक्षण के दौरान जिला मजिस्ट्रेट मनीष बंसल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
डीएम ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी से गहन निगरानी की जा रही है। परीक्षा कक्ष और परिसर में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के इस्तेमाल को रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती की गई है।
वहीं एसएसपी अभिनन्दन ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को निर्देशित किया कि सभी अभ्यर्थियों की विधिवत चेकिंग और प्रवेश पत्र का सत्यापन करने के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाए। किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अंदर ले जाने की अनुमति न दी जाए। साथ ही परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी अभ्यर्थी को परेशानी होने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़