टोहाना,अग्रवाल महिला समिति की ओर से दमकोरा रोड स्थित, ऋग्वेदा इंटरनेशनल स्कूल में कैंसर टीकाकरण अभियान को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में आठवीं,नौवीं एवं ग्यारहवीं कक्षा की छात्राओं को कैंसर से बचाव और टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर डॉ. कुसुम गुप्ता एवं उनकी टीम ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि समय पर टीकाकरण से विशेष रूप से Cervix कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। उन्होंने सरल और सहज भाषा में छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। डॉ. गुप्ता ने कहा कि किशोरावस्था में दी गई सही जानकारी और टीकाकरण भविष्य में एक मजबूत सुरक्षा कवच का कार्य करता है। उन्होंने छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज में भी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने प्रश्न पूछे, जिनका समाधान डॉक्टर टीम द्वारा किया गया। अंत में अग्रवाल महिला समिति की ओर से भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य राजन दुबे ने डॉक्टर कुसुम गुप्ता एवं उनकी पूरी टीम का धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की बालिकाएं ही कल के सशक्त समाज की नींव हैं और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना उनका सबसे बड़ा दायित्व है। उन्होंने छात्राओं से इस जानकारी को अपने जीवन में अपनाने और दूसरों तक पहुँचाने का आह्वान किया। स्कूल चेयरमैन प्रदीप कुमार मड़िया जी ने इस उपलक्ष्य में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यालय प्रबंधन भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, ताकि छात्राएं एक स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
टोहाना से सुखदेव मलिक ब्यूरो चीफ फतेहाबाद,हरियाणा