बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा झुमका तिराहे के पास सड़क निर्माण कार्य में लगे रोलर की टक्कर से हुआ।
पुलिस के अनुसार, जिला रामपुर की मिलक कोतवाली क्षेत्र के गांव धरमपुरा निवासी 40 वर्षीय नन्हे लाल अपनी पत्नी उर्मिला के साथ सीबीगंज के मथुरापुर गांव स्थित ससुराल से घर लौट रहे थे। झुमका तिराहे से आगे नव निर्मित सड़क पर काम कर रहे रोलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने नन्हे लाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी उर्मिला की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। वहीं सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली