दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
दुद्धी कोतवाली पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सूरज चंद्रवंशी को रविवार तड़के मुठभेड़ में गोली से घायल कर गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय राबर्ट्सगंज रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार सूरज चंद्रवंशी (22) पुत्र उदय चंद्रवंशी निवासी घिवहीं थाना विंढमगंज, गोवध मामले में एक जनवरी 2026 को दर्ज मुकदमे का मुख्य आरोपी है। उसके ऊपर गैंगस्टर एक्ट के तहत 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक सोनभद्र द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में आज रविवार को कोतवाली दुद्धी पुलिस द्वारा पुरस्कार घोषित एवं शातिर पशु तस्कर जो गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहा था, जिस पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25,000 रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था, को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई है।
उन्होंने बताया कि आज देर रात्रि में थाना प्रभारी दुद्धी को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि शातिर अपराधी सूरज अमवार की तरफ जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस की कई टीमों द्वारा घेराबंदी की गई। अपने को घिरा देख सूरज ने सड़क किनारे बाइक खड़ी कर पुलिस पार्टी पर फायर करने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायर किया, जिसमें सूरज के बाएं पैर में गोली लग गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को इलाज हेतु सीएचसी दुद्धी ले आई जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय सोनभद्र रेफर कर दिया। मौके पर क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय, एसएचओ धर्मेंद्र कुमार सिंह, एसएसआई कुंवर सिंह, चौकी प्रभारी हरिकेश राम आजाद सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने बताया कि
अभियुक्त के कब्जे से एक अदद मोटरसाइकिल, एक अदद 315 बोर का अवैध देसी तमंचा, दो अदद खोखा कारतूस 315 बोर, एक अदद जिंदा कारतूस 315 बोर, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1150 रुपये नगद बरामद हुए हैं। अभियुक्त द्वारा पुलिस पार्टी पर फायर करने के संबंध में थाना दुद्धी पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।