सिद्धार्थनगर।
जनपद सिद्धार्थनगर के बढ़नी ब्लॉक अंतर्गत बरगदवा ग्राम पंचायत में मनरेगा कार्यों को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं।
सूत्रों के अनुसार, कुल 97 मनरेगा मजदूरों को अलग-अलग कार्यस्थलों पर दिखाने के बजाय एक ही स्थान पर खड़ा कर फोटो खींचकर कोरम पूरा किया जा रहा है। आरोप है कि एक ही मजदूरों को विभिन्न साइटों पर दिखाते हुए जियो-टैग फोटो अपलोड की जा रही है, जबकि मौके पर हरी-भरी फसल के बीच मजदूर खड़े नजर आते हैं, जिससे वास्तविक कार्य पर सवाल उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि सर्वेश के खेत से मुजहना सरहद तक कूला खुदाई कार्य दर्शाया गया है, लेकिन मौके पर मात्र 10 से 20 मजदूर ही दिखाई देते हैं। आरोप है कि सचिव व ग्राम प्रधान की मिलीभगत से फर्जी हाजिरी लगाकर मास्टर रोल भरा जा रहा है और रोजगार सेवक की सक्रियता के बिना ही मजदूरी का भुगतान खातों में भेजा जा रहा है। धन निकासी के बाद बटवारे की भी चर्चा ग्रामीणों में है।
इस संबंध में जब डीसी मनरेगा से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में लिया जा रहा है। जांच कराई जाएगी और यदि अनियमितता पाई गई तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक मजदूरों तक पहुंच सके।
इंडियन टीवी न्यूज़ मंडल बस्ती मंडल ब्यूरो के श्रीकांत पांडे