करीला मेला के कार्यो को श्रद्धापूर्वक करें अधिकारी – कमिश्नर श्री आशीष सक्सेना
ड्रोन कैमरे से होगी मेला परिसर की निगरानी-आईजी श्री अनिल शर्मा
कमिश्नर एवं आईजी ने लिया करीला मेला की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा
—-
आगामी रंगपंचमी पर करीला धाम माता जानकी मंदिर पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय मेला में सभी नोडल अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी एवं ईमानदारी के साथ श्रद्धापूर्वक सौपें गए दायित्वों का निर्वहन करें। इस आशय के निर्देश कमिश्नर ग्वालियर संभाग श्री आशीष सक्सेना ने सोमवार को करीला परिसर में आयोजित करीला मेला की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में आयोजित बैठक के दौरान दिए। बैठक में आईजी ग्वालियर संभाग श्री अनिल शर्मा, कलेक्टर श्रीमती उमामहेश्वरी, पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश भदौरिया,जिला वन मण्डल अधिकारी श्री अंकित पाण्डे, अपर कलेक्टर डॉ अनुज रोहतगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप पटेल, एसडीएम मुंगावली एवं विदिशा, जिला अधिकारी एवं मेला हेतु नियुक्त नोडल अधिकारी उपस्थित थे।
कमिश्नर श्री सक्सेना ने कहा कि करीला धाम में लगने वाले वार्षिक मेले की व्यवस्थाएं बेहतर हों यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने दायित्वों के निर्वहन में कसौटी पर खरा उतरें और बेहतर सेवाभाव से कार्य करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए सुगम आवागमन, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, शुद्ध पेयजल एवं माता जानकी के दर्शन हेतु आवश्यक सुरक्षा के साथ सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं कराई जाएं। अधिकारी मेले में पूरी ईमानदारी के साथ तीन दिन अपने कर्तव्यों का पालन करें।
बैठक में कमिश्नर ने निर्देश दिए कि करीला मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो ऐसे पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि करीला मेले में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। परिसर को स्वच्छ रखने के लिए प्रत्येक दुकानदार के पास दो डस्टबिन लगवाए जाएं।मेला परिसर में गंदगी फैलाने वालों पर ₹500 का जुर्माना लगाया जाए।साथ ही पेयजल के लिए पर्याप्त संसाधन जुटाए जाएं। जिससे पेयजल की किसी भी प्रकार की समस्या न हो। मेले में अस्थाई टॉयलेट बनाने के निर्देश सीईओ जनपद मुंगावली को दिए। करीला पहुंचने वाले मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाया जाए। जिससे आने जाने में कोई परेशानी न हो। साथ ही प्रत्येक वाहनों पर नियमों के पालन संबंधी स्टीकर चस्पा हो इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। करीला मेला परिसर क्षेत्र में पर्याप्त लाइट की व्यवस्था कराई जाए। साथ ही इमरजेंसी के लिए जनरेटर की व्यवस्था की जाए। उन्होंने अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश जिला आबकारी अधिकारी को दिए।
आईजी श्री अनिल शर्मा ने कहा कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखे जाने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था हेतु ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी।मेले में प्रत्येक सेक्टर में चौकियां स्थापित की जाएगीं। जिसमें पर्याप्त पुलिस बल रहेगा। करीला मेला पहुंचने वाले विभिन्न मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। जिससे ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि ओवरलोडिंग वाहनों की सतत निगरानी कर उन पर कार्रवाई की जाए। मेले में सीसीटीवी कैमरे तथा वॉच टावर के माध्यम से निगरानी रखी जाए।
कलेक्टर श्रीमती आर.उमामहेश्वरी ने बताया कि करीला मेला की तैयारी समय से पूर्ण कर ली जाएगी। करीला मेला पहुंचने के लिए तीन मार्ग रहेंगे। बंगला चौराहे से बामोरी होते हुए करीला, बेलई मार्ग से करीला, वीआईपी मार्ग मोला डेम से रहेगा। मेले में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था रहेगी। मेले में 200 टैंकर पानी व्यवस्था के लिए रहेंगे। साथ ही पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल की व्यवस्था कराई जाएगी। मेले में लाइट एवं जनरेटर की समुचित व्यवस्था की गई है। यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए 35 ड्रॉप गेट बनाए जाएगें। मेले परिसर में निगरानी के लिए 100 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही 2 प्रोजेक्टर लगाए जाएंगे। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो एलईडी मंदिर के बाहर लगाई जाएंगी। एलईडी के माध्यम से भी श्रद्धालु दर्शन कर सकते हैं। स्वास्थ्य सेवा हेतु डॉक्टर सहित कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाएगी। सभी पर्याप्त आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहेगी। मेले में 4 एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। मेला परिसर में अनाउंसमेंट करने के लिए लाउडस्पीकर एवं खोया-पाया केंद्र बनाया जाएगा। मंदिर के अंदर नारियल अगरबत्ती झंडा प्रतिबंधित रहेगा। मेले परिसर में साफ-सफाई के लिए जिले के समस्त मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपनी मैदानी अमले के साथ साफ सफाई पर विशेष ध्यान दें। कोचा डैम पर आपदा प्रबंधन की टीम उपयुक्त संसाधन के साथ उपलब्ध रहने के निर्देश दिए हैं। कैमरों की मदद से पूरे मेला परिसर की मॉनीटरिंग कंट्रोल रूम के द्वारा की जायेगी। पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश भदौरिया ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था एवं आवागमन को सुचारू बनाने के लिए बैरिकेटिग व्यवस्था कराई गई है। रात्रि में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो इस हेतु पर्याप्त लाईटिंग की व्यवस्था की गई है। यातायात व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए ड्रॉप गेट बनाये जाएगें। कोंचा डेम पर होमगार्ड के गोताखोरों की व्यवस्था कराई गई है। उन्होंने बताया कि अन्तरजिला अधिकारियों समन्वय कर समुचित व्यवस्थाएं कराई गई है। ओवरलोडिंग यातायात व्यवस्था कर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मेला परिसर में अनाउंसमेंट की व्यवस्था की गई है। साथ ही पार्किंग हेतु 5 स्थान चिन्हित किए गए हैं।
परिसर का किया निरीक्षण
कमिश्नर श्री आशीष सक्सेना तथा आईजी श्री अनिल शर्मा सहित अधिकारियों द्वारा करीला मेला की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने भ्रमण कर माता जानकी परिक्रमा मार्ग, दर्शन स्थल, प्रवेश एवं निकास द्वार का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
इंडियन टीवी न्यूज़ के लिए योगेश शर्मा की रिपोर्ट 9926664294