सहारनपुर: परिषदीय परीक्षा वर्ष 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद में हाईस्कूल गणित तथा इंटरमीडिएट के विभिन्न विषयों की परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न हुईं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार प्रथम पाली में हाईस्कूल गणित विषय की परीक्षा में पंजीकृत 25,045 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 23,793 उपस्थित रहे, जबकि 1,252 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी पाली में इंटरमीडिएट के फल एवं खाद्य संरक्षण, पाकशास्त्र, परिधान रचना एवं सज्जा, रंगीन फोटोग्राफी, ऑटोमोबाइल्स, अकाउंटेंसी एवं ऑडिटिंग, बैंकिंग, आशुलिपि एवं टंकण (हिन्दी) तथा हिन्दी व अंग्रेजी टंकण विषयों की परीक्षा में पंजीकृत 279 में से 266 परीक्षार्थी उपस्थित तथा 13 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट भौतिक विज्ञान एवं सैन्य विज्ञान विषय की परीक्षा में पंजीकृत 14,025 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 13,585 उपस्थित रहे, जबकि 440 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट को मिलाकर कुल 39,349 परीक्षार्थियों में से 37,644 उपस्थित तथा 1,705 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्रथम पाली में हाईस्कूल की परीक्षा 89 तथा इंटरमीडिएट की परीक्षा 12 परीक्षा केन्द्रों पर सम्पन्न हुई, जबकि द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की परीक्षा 88 केन्द्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे… सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं छह विभागीय सचल दलों ने परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। मंडल स्तरीय पर्यवेक्षक श्रीमती ज्योति दीक्षित ने चार परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया, जबकि जिलाधिकारी द्वारा नामित नोडल अधिकारी अंकुर वर्मा ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविन्द कुमार पाठक ने बताया कि जनपद के सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं सुचारु रूप से सम्पन्न हुई तथा अनुचित साधन प्रयोग का कोई मामला सामने नहीं आया। उत्तर पुस्तिकाओं के सील बंद बंडलों को कड़ी सुरक्षा के बीच संकलन केन्द्रों पर जमा कराया गया.
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़