उरई(जालौन):
प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जनपद में सिंचाई एवं जल संसाधन से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का विधि-विधान से भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने बेतवा नहर प्रखण्ड प्रथम के अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों की शुरुआत कर क्षेत्र के विकास को नई गति देने का संदेश दिया। जल शक्ति मंत्री ने बेतवा नहर प्रखण्ड प्रथम के अंतर्गत जिलेदारी कार्यालय (द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ) के नव निर्माण कार्य का शिलान्यास किया, जिसकी कुल परियोजना लागत 349.19 लाख रुपये है। इसके साथ ही उरई स्थित निरीक्षण भवन के नव निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया, जिसकी परियोजना लागत 329.53 लाख रुपये है। इन दोनों परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 678.72 लाख रुपये है। मंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार सिंचाई व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने तथा विभागीय व्यवस्थाओं को आधुनिक एवं सुसज्जित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। बेतवा नहर प्रखण्ड से जुड़े इन भवनों के निर्माण से विभागीय कार्यों के संचालन में सुविधा होगी तथा किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए, ताकि इनका लाभ शीघ्र ही आमजन और किसानों को मिल सके। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान आदि सहित सिंचाई विभाग के अधिकारी धर्म घोष अधिशासी अभियंता, वसीम राजा सहायक अभियंता,अंकित कुमार सिंह सहायक अभियंता तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश