उरई(जालौन):
42 शिकायतों में 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण शेष शिकायतों के पारदर्शी निस्तारण के दिए निर्देश। मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की मौजूदगी में तहसील उरई के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। दूर-दराज क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें मंडलायुक्त के समक्ष प्रस्तुत कीं। मंडलायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 42 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर प्रभावी ढंग से किया जाए, ताकि नागरिकों को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेकर उनका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, जिससे लोगों की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान संभव हो सके। जिन शिकायतों का निस्तारण तत्काल संभव नहीं है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में निपटाते हुए उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। मंडलायुक्त ने यह भी कहा कि जिन मामलों में जांच की आवश्यकता है, वहां निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य किया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, डीएफओ प्रदीप यादव, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला विकास अधिकारी निशांत पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश