दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
आज शनिवार को महिला थाना परिसर में पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय की अध्यक्षता में अलविदा, ईद, नवरात्रि एवं रामनवमी को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीओ राजेश राय ने कहा कि त्यौहार में किसी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत नहीं होगी।
हिंदू प्रतिनिधियों ने 19 मार्च को नवरात्रि की एकम पर निकलने वाले जुलूस के निर्धारित रूट की जानकारी साझा की। जेबीएस अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि ने बताया कि जुलूस तय मार्ग से निकलेगा। उन्होंने होली के दौरान कस्बे में रंग खेल रहे लोगों पर पुलिस के कथित बर्बर लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की, जिससे समुदाय में व्यापक आक्रोश देखा गया। बैठक में मौजूद अन्य सदस्यों ने भी इसकी भर्त्सना की। कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने पुरानी घटनाओं का विवरण देकर सबको आश्वस्त किया।
मुस्लिम पक्ष से सैफुल्लाह सिद्दीकी ने बताया कि अलविदा व ईद की नमाज चांद दिखने पर ही होगी। कोतवाल ने कहा कि त्योहारों के दिन मुख्य सड़कों पर वाहन यातायात कुछ घंटों के लिए नियंत्रित रहेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नमाज अदा नहीं होगी। पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय ने दोनों समुदायों को बधाई दी तथा पर्याप्त बल-प्रस्थापन का आश्वासन दिया। शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने सफाई व्यवस्था मजबूत रखने का भरोसा दिलाया।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन, वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर लवकुश प्रजापति भाजपा नेता सुरेंद्र अग्रहरि, रविंद्र जायसवाल, जय बजरंग खड़ा समिति के अध्यक्ष पंकज जायसवाल, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि, राजकुमार अग्रहरि, . , दीपक शाह, कमल कुमार कानू, आमेश सिंह, राकेश आजाद, शुभाष प्रधान, मोनू सिंह (सभासद), सैफुल्लाह सिद्दीकी, लाला बाबू, फत्तेह मोहम्मद खान, कलीमुल्ला खान, तालिब अली शाह, तबरेज आलम, सुरेंद्र जायसवाल, फकरुद्दीन प्रधान, सलीम अंसारी सहित दोनों समुदायों के दर्जनों लोग उपस्थित रहे।