फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)।
थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने और लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद समेत करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव रहपुरा जागीर निवासी दुर्गा प्रसाद पुत्र बुद्धसेन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के ही उमेश, राजवीर, प्रमोद, रोहित और दीपक अपने 10-12 अज्ञात साथियों के साथ पिछले तीन दिनों से उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे थे। आरोप है कि आरोपियों ने उनके घर पर भी हमला करने की कोशिश की थी।
पीड़ित के अनुसार 5 मार्च को वह त्रिलोकी चंद डिग्री कॉलेज के सामने खड़े थे, तभी आरोपी अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने राजेश पुत्र भूप सिंह निवासी बलखेड़ा विलासपुर (थाना खजुरिया) के साथ भी मारपीट की और उनसे मोबाइल फोन, सोने की चेन और अंगूठी छीन ली।
घटना के दौरान शोर-शराबा होने पर सनातन सेवा संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए, जिससे हमलावर वहां से भाग निकले और पीड़ित की जान बच गई।
पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं उन्होंने यह भी कहा है कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी नामजद आरोपियों की होगी।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर उमेश, राजवीर, प्रमोद, रोहित, दीपक समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली