दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
चोपन रेलवे स्टेशन पर भटकती मिली मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले की 16 वर्षीय गुमशुदा किशोरी को दुद्धी पुलिस ने अथक प्रयासों के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया। एक महिला की मानवता जागृत होने से शुरू हुई यह घटना आज सुखद अंत को प्राप्त हुई।
बीते शुक्रवार को चोपन रेलवे स्टेशन पर झारखंड जा रही एक महिला को 16 वर्षीय कुमारी रागिनी पिता स्व. जैदुनाथ, माता सोनावती भटकती मिली। महिला के पीछे चिपकी किशोरी ने ‘मां’ पुकारा, जिससे महिला के हृदय में करुणा जागी। उसने किशोरी को अपनी गाड़ी में बिठाकर दुद्धी महिला थाना पहुंचाया और थाना प्रभारी संतू सरोज को सारी जानकारी देकर झारखंड रवाना हो गई।
पुलिस पूछताछ में किशोरी ने अपना नाम कुमारी रागिनी उम्र 16 वर्ष बताया। वह ग्राम घोघरा, पोस्ट व थाना सरई, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) की निवासी है। उसके सात भाइयों सूरज, प्रकाश, अजय, दिग्विजय, जगमोहन, रोहित व विकास के नाम और मामा लाला का नाम भी बताया। किशोरी चार दिन पूर्व घर से लापता हो गई थी।
सीओ राजेश कुमार राय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह और महिला थाना प्रभारी संतू सरोज के अथक प्रयासों से परिजनों को सूचना देकर आज शनिवार को किशोरी को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुत्री को पाकर परिजन खुशी से अभिभूत हो गए और पुलिस का हार्दिक आभार जताया। पुलिस ने बताया कि किशोरी सुरक्षित है।