दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
सोशल मीडिया की दुनिया में लाखों फॉलोअर्स की मशहूर इन्फ्लुएंसर प्रतीक्षा जायसवाल अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध का शिकार हो गई हैं। बांग्लादेश से संचालित एक साइबर जालसाज ने उनके फेसबुक अकाउंट पर फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक लगाकर उनकी एक फोटो और एक रील हटवा दी। इसके बाद कंटेंट बहाल करने के नाम पर उनसे 800 डॉलर (लगभग 67 हजार रुपये) की डिजिटल रंगदारी वसूलने की कोशिश की गई।
प्रतीक्षा जायसवाल के फेसबुक पर करीब 35 लाख और इंस्टाग्राम पर 21 लाख फॉलोअर्स हैं। जानकारी के मुताबिक 24 फरवरी को आरोपी ने उनकी एक फोटो पर पहली फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक लगाकर उसे हटवा दिया। फिर 4 मार्च को होली के दिन दूसरी स्ट्राइक देकर एक रील भी गायब करा दी। कंटेंट हटने के तुरंत बाद आरोपी ने प्रतीक्षा से संपर्क साधा और धमकी भरा संदेश भेजा कि 800 डॉलर न देने पर उनके पूरे सोशल मीडिया अकाउंट और ऑनलाइन पहचान को तबाह कर देगा।
इस घटना से व्यथित प्रतीक्षा जायसवाल ने बताया कि मेरे अकाउंट का एक्सेस अभी मेरे पास है, लेकिन फर्जी स्ट्राइक के कारण मॉनेटाइजेशन टूल बंद हो गया है। इससे मेरी आय पर गहरा असर पड़ा है। उम्मीद है कि लोगों और प्लेटफॉर्म के सहयोग से जल्द आईडी व मॉनेटाइजेशन बहाल हो जाएगा। सोशल मीडिया पर यह मामला जोर पकड़ चुका है और इसे सुनियोजित साइबर हमला व डिजिटल रंगदारी करार दिया जा रहा है।
पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज करा दी है। स्थानीय स्तर पर सोनभद्र पुलिस भी मामले की जानकारी ले रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि सोशल मीडिया यूजर्स को फर्जी स्ट्राइक और रंगदारी के इस नए जाल से सावधान रहना होगा।