उरई(जालौन):
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के ऑडिटोरियम से आयोजित पिंक रोजगार महाकुंभ-2026 कार्यक्रम में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण पहल की गईं। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश की 5,000 से अधिक महिलाओं को रोजगार के ऑफर प्रदान किए गए तथा रोजगार उपलब्ध कराने वाले प्लेटफॉर्म ‘रोजगार संगम पोर्टल’ के मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया गया। साथ ही 94 नव-नियुक्त मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, उत्कृष्ट महिला कार्मिकों एवं मेधावी बालिकाओं को सम्मानित किया गया तथा नारी शक्ति अवॉर्ड प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त कन्या सुमंगला योजना की लाभार्थी बालिकाओं को चेक वितरित किए गए तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के बीमा प्रीमियम और साड़ी/वर्दी के लिए 3,849 लाख की धनराशि का डीबीटी के माध्यम से अंतरण किया गया। उक्त कार्यक्रम का जनपद जालौन के विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में सजीव प्रसारण के माध्यम से सुना गया। इस अवसर पर उपस्थित मातृशक्ति बहनों को जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ० घनश्याम अनुरागी, विधायक माधौगढ़ मूलचंद्र निरंजन, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ० दुर्गेश कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित कर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ० घनश्याम अनुरागी ने कहा कि महिलाओं के बिना समाज की प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। सरकार भी महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ समाज की प्रत्येक महिला तक पहुंचाना आवश्यक है। विधायक माधौगढ़ मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण किसी भी विकसित समाज की पहचान है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित कर रही है। पिंक रोजगार महाकुंभ जैसे आयोजन महिलाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण शासन-प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से अपील की कि वे विभिन्न सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने जीवन को बेहतर बनाएं तथा समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही उन्होंने सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी निशांत पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद अवस्थी सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश