सहारनपुर
थाना मिर्जापुर क्षेत्र के अंतर्गत प्रसिद्ध सिद्धपीठ शाकुम्भरी देवी मंदिर के समीप एक पहाड़ी पर संदिग्ध परिस्थितियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव ददा आश्रम के ऊपर पहाड़ी पर एक पेड़ से रस्सी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया। स्थानीय पुलिस को सूचना मिली कि ददा आश्रम के ऊपर पहाड़ी के जंगलों में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही थाना मिर्जापुर पुलिस और शाकुम्भरी चौकी प्रभारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, शव की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह करीब 6 से 7 दिन पुराना है। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। थाना मिर्जापुर पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर शव को पेड़ से नीचे उतारा गया और घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने शव के संबंध में आवश्यक ‘पंचायतनामा’ की कार्रवाई पूरी कर ली है। वर्तमान में शव को पहचान हेतु सहारनपुर मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। प्रभारी निरीक्षक (थाना मिर्जापुर) ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी इस व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी हो, तो वे तत्काल निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क कर सूचित करें: प्रभारी निरीक्षक, थाना मिर्जापुर: 9454404189 चौकी प्रभारी, शाकुम्भरी: 8077784808 क्षेत्रीय पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है ताकि मृतक की पहचान हो सके और उसके परिजनों को सूचित किया जा सके।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़