दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
कोतवाली व हाथीनाला थाना क्षेत्र के हथवानी गांव के साउडीह टोला में बुधवार सुबह करीब 8 बजे सरकारी शौचालय की छत की पट्टियां गिर पड़ीं। खेलते हुए पपीते तोड़ने के प्रयास में 5 वर्षीय बच्ची प्रियंका गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी दुद्धी से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया।
पिता अर्जुन सिंह खरवार ने बताया कि प्रियंका गांव के अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। घर के पीछे बने शौचालय की छत पर बच्चे खेल-खेल में पपीते के पेड़ से पपीता तोड़ने लगे। लगभग आधा दर्जन बच्चे ऊपर चढ़े थे कि अचानक छत की पट्टियां एकवाई होकर गिर पड़ीं। हादसे में प्रियंका को गंभीर चोटें लगीं, जबकि अन्य बाल-बाल बच गए।
बच्ची की चीख-पुकार सुन पड़ोसी दौड़े और घटना की सूचना पिता अर्जुन को दी, जो कुछ दूर दोस्तों के साथ बैठे थे। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस की मदद से प्रियंका को सीएचसी दुद्धी ले जाया गया, जहां मुंह व कान से खून बहने तथा अंदरूनी चोटें देखकर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
फिलहाल बच्ची की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।