बरेली। फतेहगंज पश्चिमी कस्बे के कुम्हार कपड़ा चौक पर प्रस्तावित सीसी रोड निर्माण के लिए बुधवार को नगर पंचायत का बुलडोजर गरजा और सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया। नगर पंचायत की इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हलचल मच गई। हालांकि कार्रवाई के दौरान किसी भी व्यक्ति ने विरोध नहीं किया।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला अंसारी स्थित कुम्हार कपड़ा चौक पर नगर पंचायत द्वारा सीसी रोड निर्माण प्रस्तावित है। लंबे समय से सड़क के दोनों ओर घरों के सामने लोगों ने आगे तक स्लिप और पैड़ी बनाकर अतिक्रमण कर रखा था, जिससे रास्ता काफी संकरा हो गया था और आवागमन में परेशानी होती थी।
नगर पंचायत प्रशासन ने करीब 15 दिन पहले सभी अतिक्रमणकारियों को नोटिस देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा तीन दिन पहले माइक से भी घोषणा कराकर लोगों को आगाह किया गया था। इसके बावजूद अधिकांश लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया।
निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद बुधवार को नगर पंचायत की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और सड़क के दोनों ओर घरों के सामने बनी स्लिप और पैड़ियों को तोड़ते हुए अतिक्रमण हटा दिया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोग नाराज जरूर नजर आए, लेकिन सड़क चौड़ी होने और विकास कार्य को देखते हुए किसी ने खुलकर विरोध नहीं किया।
नगर पंचायत के ईओ पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि सभासद के प्रस्ताव पर कुम्हार कपड़ा बाजार चौक पर सीसी रोड निर्माण स्वीकृत किया गया है। लोगों को पहले ही अतिक्रमण हटाने के लिए पर्याप्त समय और सूचना दी गई थी। इसके बावजूद अतिक्रमण न हटाने पर नगर पंचायत को मजबूरन बुलडोजर चलाकर कार्रवाई करनी पड़ी।
उन्होंने कहा कि नगर में विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अतिक्रमण के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली