सहारनपुर नगरायुक्त शिपू गिरि ने निकट भविष्य में आने वाले चैत्र नवरात्रि, ईद उल फितर, रामनवमी व महावीर जयंती आदि पर्वो पर जुलूस मार्गों को गड्ढ़ा मुक्त करने, मेनहॉल पर ढक्कन लगवाने तथा धार्मिक स्थलों के पास साफ-सफाई व प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ मार्गो को अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने त्यौहारों पर व्यवस्था के सम्बंध में त्वरित कार्रवाई हेतु क्विक रिस्पांस सिस्टम तैयार करने तथा धार्मिक स्थलों के आस-पास आवारा पशुओं के विचरण को नियंत्रित करने के लिए आवारा पशु नियंत्रण दल का गठन करने के भी निर्देश दिए हैं।
नगरायुक्त ने पर्वो की तैयारियों के सम्बंध में निगम अधिकारियों के साथ ऑन लाइन बैठक कर ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उक्त पर्वो के दृष्टिगत मंदिर, मस्जिद व ईदगाह के आस-पास साफ-सफाई, पेयजल व पथ प्रकाश व्यवस्था के सम्बंध में नियमित निगरानी रखते हुए उक्त सभी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। ईद उल फितर के अवसर पर मुख्यतः मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में पेयजल एवं नालियों तथा सड़कों की साफ सफाई व्यवस्था, ईदगाह के आस-पास नमाज से पूर्व पानी व चूने का छिड़काव और मोबाइल टॉयलेट आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। जहां-जहां मेनहॉल खुले हैं वहां ढक्कन लगवाए जाएं।
नगरायुक्त ने विद्युत कटौती के दृष्टिगत निर्बाध जलापूर्ति हेतु जनरेटर की व्यवस्था करने तथा बढ़ते तापमान के दृष्टिगत क्लोरीनेशनयुक्त जल की आवश्यकतानुसार पूर्ति पूर्णतः बनाये रखने के अलावा धार्मिक स्थलों के आस-पास बने सार्वजनिक शौचालयों व मूत्रालयों की नियमित साफ सफाई रखने तथा मोबाइल शौचालयों व पानी के टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्वित करने को भी कहा है। उन्होंने निगम क्षेत्र की सभी सड़कों विशेषकर धार्मिक स्थलों के आस-पास की सभी सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त करने, इन स्थलों तक पहुंच मार्ग की प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने तथा धार्मिक स्थलों के आस-पास अतिक्रमण को चिह्नित कर उसे हटाने के लिए कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। नगरायुक्त ने धार्मिक स्थलों के आस-पास कूड़ा एकत्रीकरण न करने और नगर में उत्सर्जित कूडे़ का एकत्रीकरण कर उसका लैण्डफिल साइट पर निस्तारण सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़