राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी – जिले में रसोई गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को गैस संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा भी मौजूद रहे।
बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, अतः नागरिक किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने गैस संचालकों को निर्देशित किया कि गैस एजेंसियां ऑनलाइन बुकिंग के आधार पर ही सिलेंडरों की सप्लाई सुनिश्चित करें। एजेंसी या गोदाम के बाहर भीड़ जमा करने के बजाय हितग्राहियों को उनके घर पर ही होम डिलीवरी की सुविधा दी जाए। डिलीवरी के समय उपभोक्ताओं से ओटीपी अनिवार्य रूप से लें। साथ ही, उन्होंने संचालकों को उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक राशि न वसूलने की हिदायत दी।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने स्पष्ट किया है कि सभी गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य है। इसके साथ ही, एजेंसी संचालकों और उनके कर्मचारियों को हिदायत दी गई है कि वे उपभोक्ताओं के साथ सद्भावनापूर्ण व्यवहार करें। बैठक में यह भी तय किया गया कि गैस सिलेंडर की बुकिंग ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन के अंतराल पर ही की जा सकेगी
कलेक्टर तिवारी ने कहा कि यदि कहीं भी एलपीजी का अवैध स्टॉक मिलता है, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें। व्यवसायिक सिलेंडरों का उपयोग केवल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों में ही किया जा सकेगा, अन्य निजी प्रतिष्ठानों को गैस सिलेण्डर का प्रदाय नहीं किया जाय।
बैठक में ऑयल कंपनी की नोडल अधिकारी श्रीमती रेनू वर्मा, जिला आपूर्ति अधिकारी एस.एस. परिहार सहित, सहायक आपूर्ति अधिकारी पीयूष कुमार शुक्ल, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी वंदना जैन एवं प्रियंका सोनी अधिकारी उपस्थित रहे।।