दुद्धी सोनभद्र ।(विवेक सिंह)
क्षेत्र में शुक्रवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल पांच लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं में बाइक आपस में टकराईं, जिसमें एक मामले में नशे में धुत बाइक सवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी में डॉ. सुनील की देखरेख में इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना विंढमगंज थाना क्षेत्र के करहिया गांव के जंगल के पास मोड़ पर दोपहर ढाई बजे की बताई गई। एक बाइक पर सवार नीरज कुमार (24) पुत्र सुमेर निवासी ग्राम करहिया और उनके छोटे भाई हृदय नारायण करहिया से कचनारवा कोन की ओर जा रहे थे। सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक पर शिव कुमार (25)पुत्र चीरवजी निवासी गुलरिया ,अंजनिया गांव से अपने गांव लौट रहे थे, जिसमें गांव के पड़ोसी रामलगन और उनकी पत्नी राजवंती भी सवार थे। हृदय नारायण सुरक्षित रहे, जबकि नीरज को चोटें आईं।वहीं शिव कुमार को सिर पर मामूली चोट लगी। ग्रामीणों ने निजी साधन से दोनों घायलों को सीएचसी दुद्धी भेज दिया।
दूसरी घटना शाम साढ़े छह बजे दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के बघाड़ू मदरसा के पास की बताई गई। एक बाइक पर तीन मजदूर रामचंद्र (65) पुत्र राधेश्याम, विंध्याचल(45) पुत्र जानकी और विष्णु (35) पुत्र शोभीराम, सभी निवासी अमवार पुनर्वास कॉलोनी के पास के बताए गए ।तीनों दुद्धी से दिहाड़ी मजदूरी कर घर लौट रहे थे,की बघाडू में तेज रफ्तार से आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाले बाइक सवार नशे में धुत बताए गए, जिन्हें मामूली चोटें आईं। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी दुद्धी भेजा, जबकि टक्कर मारने वाले दो लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रामचंद्र के दाएं पैर में फ्रैक्चर की आशंका है।
समाचार लिखे जाने तक सभी घायलों का इलाज सीएचसी दुद्धी में जारी रहा ।