राजेन्द्र धाकड़ नर्मदापुरम
सुहागपुर। शुक्रवार को कराटे कोच महक सराठे और राखी सराठे द्वारा जवाहरलाल नेहरू स्मृति महाविद्यालय, सुहागपुर में तिनका शाखा सुहागपुर कराटे टीम के तत्वावधान में कम्युनिटी प्रोग्राम एवं महिला दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन के साथ हुई, जिसका पूजन मुख्य अतिथि नगर अध्यक्ष श्रीमती लता यशवंत पटेल ने किया।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग से श्रीमती चंदा मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस दौरान कराटे फाइटर्स के अभिभावक, विशेष रूप से बड़ी संख्या में माताएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम में सुहागपुर की मातृशक्ति और नारी शक्ति का उत्साह देखने को मिला। साथ ही लाइंस क्लब के सदस्य भी उपस्थित रहे और महिलाओं का मार्गदर्शन किया।
महिलाओं के उत्साहवर्धन के लिए कुर्सी दौड़ और पंजा लड़ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्रीमती सपना तिवारी, द्वितीय स्थान श्रीमती आशी वर्मा और तृतीय स्थान श्रीमती मीना भावसार ने प्राप्त किया। वहीं पंजा लड़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान श्रीमती आशी वर्मा, द्वितीय स्थान श्रीमती सरिता कुशवाहा और तृतीय स्थान क्षमा दीवान ने हासिल किया।
इस अवसर पर किन्नर समुदाय के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए, जिनमें रागनी पंडित दीदी की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान कराटे फाइटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डेमो फाइट और काता प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
आयोजकों ने बताया कि कराटे परिवार का यह प्रयास महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों और प्रतिभागियों ने आयोजन की सराहना की।