सहारनपुर। शहर के घंटाघर स्थित एक सभागार में आगामी 29 मार्च 2026 को दादरी में आयोजित होने वाली समाजवादी समानता भाईचारा रैली को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान वरिष्ठ सपा नेता एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं रैली के संयोजक राजकुमार भाटी का पगड़ी पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया।
प्रेस वार्ता में राजकुमार भाटी ने बताया कि 29 मार्च को दादरी में आयोजित होने वाली यह रैली समाजवादी पार्टी के लिए ऐतिहासिक साबित होगी। रैली में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस रैली में उत्तर प्रदेश के 32 जिलों की लगभग 140 विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह रैली वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का शंखनाद साबित होगी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के राजनीतिक समीकरणों को बदलने का काम करेगी। रैली में सर्वधर्म, सर्वजाति और सर्वसमाज के लोग भाग लेंगे, जिनमें पीडीए (पिछड़ा, दलित, आदिवासी, अल्पसंख्यक व आधी आबादी) समाज की विशेष भागीदारी रहेगी। साथ ही सामान्य वर्ग के वे लोग भी शामिल होंगे जो वर्तमान भाजपा शासन में स्वयं को पीड़ित, दुखी और अपमानित महसूस कर रहे हैं। राजकुमार भाटी ने बताया कि रैली की तैयारियां अगस्त 2025 से चल रही हैं। अब तक 50 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों में पीडीए चौपाल का आयोजन किया जा चुका है, जिनके माध्यम से पिछड़े वर्गों में राजनीतिक जागरूकता बढ़ाने के साथ ही रैली को सफल बनाने के लिए मजबूत टीमों का गठन किया गया है। जिला और विधानसभा स्तर पर रैली प्रभारियों की भी नियुक्ति की गई है। इसी क्रम में सहारनपुर जिले का दौरा कर लोगों को रैली में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है।
इस अवसर पर लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, प्रदेश सचिव धर्मवीर खटाना, जिला कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी, भीम खटाना, शुभम वर्मा, रवि यादव, पंकज राणा, कपिल शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़