केशव साहू जिला ब्यूरो
डोंगरगढ़। शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोंगरगढ़ में 7 मार्च 2026, शनिवार को नवीन महाविद्यालय भवन में वरिष्ठ भूतपूर्व छात्रों का सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के एलुमनी संगठन द्वारा किया गया, जिसमें महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ई. वी. रेवती संरक्षक के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के अनेक वरिष्ठ भूतपूर्व छात्र-छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर मुख्य रूप से डॉ. आर. एन. सिंह, डॉ. एच. एस. भाटिया, डॉ. दिनेश कुमार नामदेव, अधिवक्ता मुख्तार अहमद कुरैशी, गोपाल अग्रवाल, डॉ. श्रीमती बेबी नंदा मेश्राम, ललित किशोर नारंग, सुनील जैन, रमन डोंगरे सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों का महाविद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की परंपरा के अनुसार यह जानकारी दी गई कि शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रतिवर्ष विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं रजत पदक प्रदान कर सम्मानित किया जाता है। इस पुनीत कार्य को आगे बढ़ाने के लिए उपस्थित भूतपूर्व छात्रों ने भी सहयोग प्रदान किया।
इसी क्रम में मुसरा हाई स्कूल में पदस्थ प्राचार्य के. रघुनाथ ने महाविद्यालय को 20 हजार की सहयोग राशि प्रदान की। वहीं हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के खेल संचालक डॉ. दिनेश कुमार नामदेव ने 11 हजार की राशि प्रदान की। इसके अतिरिक्त ललित किशोर नारंग ने मेडल प्रदान कर सहयोग किया, जबकि डॉ. आर. एन. सिंह एवं डॉ. श्रीमती बेबी नंदा मेश्राम ने भी 20-20 हजार, डॉ के के वर्मा द्वारा 10 हजार की सहयोग राशि प्रदान कर इस पहल को प्रोत्साहित किया। महाविद्यालय परिवार ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी वरिष्ठ भूतपूर्व छात्र-छात्राओं ने अपना परिचय देते हुए छात्र जीवन की स्मृतियों को साझा किया। उन्होंने महाविद्यालय में बिताए गए अपने अनुभवों और यादगार क्षणों को याद करते हुए वर्तमान विद्यार्थियों को प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान संगीतपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा, जिससे सभी उपस्थितजन भावुक और आनंदित दिखाई दिए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक मंडल के रमन डोंगरे, विपुल अग्रवाल, दविंदर सिंह भाटिया, उषा किरण शाह, रोहित वाल्दे, प्रफुल चावड़ा तथा योद्धा सिंह राठौड़ का विशेष योगदान रहा।
एल्युमिनि समिति के संयोजक डॉ. मुन्नालाल नंदेश्वर ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए भूतपूर्व छात्रों के महाविद्यालय से निरंतर जुड़ाव के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी मंच संचालन भी डॉ. मुन्नालाल नंदेश्वर द्वारा किया गया।
समारोह के अंत में समिति की ओर से सभी वरिष्ठ भूतपूर्व छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।