मुरादाबाद सहारनपुर
सहारनपुर: यूपी एटीएस ने मुरादाबाद से एक BDS के छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सहारनपुर के मोहल्ला मनकामऊ निवासी 19 वर्षीय हारिश अली के रूप में हुई है, जो मुरादाबाद के एक संस्थान में BDS द्वितीय वर्ष का छात्र बताया जा रहा है। उस पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) के ऑनलाइन मॉड्यूल से जुड़कर युवाओं को कट्टरपंथ की ओर उकसाने का आरोप है। एटीएस के अनुसार हारिश अली सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर युवाओं, विशेषकर मुस्लिम लड़कों का ब्रेनवॉश करने की कोशिश कर रहा था। जांच में सामने आया है कि वह विभिन्न ऑनलाइन ग्रुप्स के माध्यम से आईएसआईएस से जुड़े मीडिया चैनल, मैगजीन, मारे गए आतंकियों की तस्वीरें, वीडियो और ऑडियो साझा करता था तथा कुख्यात आतंकियों के भाषणों का प्रचार करता था। पूछताछ में यह भी पता चला है कि आरोपी ने ‘अल इत्तेहाद मीडिया फाउंडेशन’ नाम से एक अलग ग्रुप बनाया था, जिसके जरिए वह संगठन के प्रचार-प्रसार से जुड़ी गतिविधियां चला रहा था। वह आईएसआईएस के मीडिया चैनल अल-नाबा और प्रोपेगेंडा मैगजीन ‘दाबिक’ को भी फॉलो करता था। एटीएस का कहना है कि हारिश अली भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को नहीं मानता था और अपने ग्रुप्स में शरिया कानून लागू कर तथाकथित खिलाफत व्यवस्था स्थापित करने की बात करता था। जांच में यह भी सामने आया है कि उसने कुछ लोगों को फिदायीन हमलों के लिए उकसाने की कोशिश की थी। फिलहाल एटीएस और अन्य एजेंसियां उससे पूछताछ कर उसके संभावित साथियों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही हैं। गौरतलब है कि हाल ही में एटीएस ने 10 मार्च को आगरा से भारतीय नौसेना के लांस नायक आदर्श कुमार उर्फ लकी को भी गिरफ्तार किया था। उस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी (आईएसआई) के लिए जासूसी करने का आरोप है। जांच एजेंसियां दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई कर रही.
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़