शक्करगढ
थाना क्षेत्र के मानपुरा गांव में रेगर समाज के लोगों के साथ कथित जातिगत अपमान और मारपीट की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित समाज के लोगों ने पुलिस उपाधीक्षक को रिपोर्ट देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, घटना 18 मार्च 2026 की सुबह करीब 9 बजे की है, जब मानपुरा और फत्ता का खेड़ा गांव के रेगर समाज के कई लोग राशन लेने के लिए डीलर भवानी सिंह के यहां पहुंचे थे। आरोप है कि राशन वितरण के दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने वहां पहुंचकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए अपमानित किया।
पीड़ितों ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें “नीच जाति” कहकर संबोधित किया और चबूतरे पर बैठने को लेकर आपत्ति जताते हुए गाली-गलौज की। इतना ही नहीं, आरोप है कि उन्होंने धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए और जान से मारने की धमकी भी दी।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पहले 26 जनवरी 2026 को राजकीय विद्यालय मानपुरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भी इसी प्रकार का विवाद हुआ था। उस समय भी आरोपियों ने रेगर समाज के लोगों को कुर्सियों से उठाकर अपमानित किया था।
पीड़ितों का कहना है कि आरोपी लगातार समाज को नीचा दिखाने और अपमानित करने की कोशिश करते रहते हैं, जिससे उनमें भय और आक्रोश का माहौल है।
इस पूरे मामले को लेकर रेगर समाज के लोगों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।