दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
हाथीनाला थाना क्षेत्र के मुर्धवा-हाथीनाला मार्ग पर वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार देर रात दो ट्रेलरों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक खलासी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। एक घायल की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
कोयला लदे ट्रेलर पर सवार लगभग 33 वर्षीय खलासी चंदन कुमार पुत्र ध्रुव नारायण सिंह निवासी बलिया की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में 32 वर्षीय रमेश चौधरी पुत्र स्व. प्रभुनाथ निवासी बलिया और 25 वर्षीय अकरम उर्फ इमरान खान पुत्र साहिल निवासी अलवर राजस्थान शामिल हैं।बताया गया कि एक ट्रेलर पर सफेद पुट्टी लदी थी, जबकि दूसरे पर कोयला। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर 20 फीट गहरे गड्ढे में गिर पड़े।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची हाथीनाला पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गड्ढे से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक डॉ. सुनील ने गंभीर स्थिति देख रेफर कर दिया। रमेश चौधरी की हालत सबसे नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और जंगल मार्ग को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हाथीनाला थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है।