फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। मौर्य विकास संस्था, तहसील मीरगंज इकाई के तत्वावधान में कस्बे के एक बारात घर में आयोजित मौर्य समाज की विशाल सभा में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति और राजनीतिक भागीदारी को लेकर जोरदार मंथन हुआ। सभा में समाज के सैकड़ों लोगों की उपस्थिति ने एकजुटता का स्पष्ट संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बुद्ध एवं सम्राट अशोक के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद वक्ताओं ने समाज की वर्तमान स्थिति और भविष्य की राजनीतिक दिशा पर अपने विचार रखे।
पूर्व चेयरमैन कृष्णपाल मौर्य ने कहा कि मौर्य समाज को लंबे समय से राजनीतिक रूप से कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उसकी सत्ता में भागीदारी सीमित रह जाए। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट हों और 2027 के चुनाव में अपनी ताकत का प्रदर्शन करें। इस दौरान कुछ लोगों ने क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी कर असंतोष भी जताया।
वहीं शाही चेयरमैन वीरपाल मौर्य ने मीरगंज विधानसभा में मौर्य समाज की मजबूत जनसंख्या का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 40 हजार मतदाता होने के बावजूद समाज को उसका उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब समय आ गया है जब मौर्य समाज अपनी भागीदारी खुद तय करेगा और 2027 में मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेगा।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कम उम्र में चेयरमैन बनना इस बात का प्रमाण है कि यदि समाज एकजुट हो जाए तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने सभी से अभी से संगठित होकर चुनावी तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
सभा में रमेश मौर्य ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा सबसे मजबूत आधार है और इस दिशा में जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है।
इस मौके पर खेमेन्द्र मौर्य, कोमल प्रसाद मौर्य, रामौतार मौर्य, सौदान सिंह शाक्य, राममूर्ति मौर्य सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में जगदीश मौर्य, ब्रह्मप्रकाश मौर्य, जगतपाल सिंह मौर्य, अजय मौर्य, रवि मौर्य, राम सिंह मौर्य, डॉ. नरोत्तम मौर्य, डॉ. झूमक लाल मौर्य, देबकी नंदन मौर्य, राकेश मौर्य, हेतराम मौर्य, महेंद्र मौर्य, मोतीराम मौर्य, ताराचंद मौर्य, स्वराज प्रकाश मौर्य, खानचंद मौर्य, सोमपाल मौर्य समेत क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
सभा के अंत में यह संदेश स्पष्ट रूप से उभरकर सामने आया कि मौर्य समाज अब राजनीतिक रूप से सक्रिय भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है और 2027 का चुनाव उसके लिए निर्णायक साबित हो सकता है।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली