फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। कस्बे के रामलीला मैदान में मंगलवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब टहल रहे एक व्यक्ति पर अज्ञात हमलावर ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर ने चाकू से कई वार कर घायल को लहूलुहान कर दिया और मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला अंसारी निवासी यशपाल शर्मा रोज की तरह रात में खाना खाने के बाद टहलने के लिए रामलीला मैदान पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक एक नकाबपोश युवक ने उन पर हमला बोल दिया और ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होकर वह जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग निकला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस के जरिए पहले खिरका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस हमलावर को किसी करीबी व्यक्ति से जुड़ा मान रही है। हालांकि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है, जिसके चलते मामला दर्ज नहीं हो सका है।
चौकी प्रभारी अनूप कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली