फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी गौकशी आरोपी कामिल उर्फ नक्ता को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि बदमाश की गोली से एक उपनिरीक्षक भी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, सुबह गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पशु क्रूरता अधिनियम में वांछित आरोपी कामिल उर्फ नक्ता पुत्र गुलाम फरीद, निवासी मोहल्ला ग्यासपुर, थाना बीसलपुर (जनपद पीलीभीत) वर्षों से बंद पड़ी रबर फैक्ट्री के जंगल में गौकशी की फिराक में मौजूद है।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। सुबह करीब 5:35 बजे आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान उपनिरीक्षक पंकज कुमार के बाजू को छूते हुए गोली निकल गई, जिससे वह घायल हो गए।
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिरका भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मौके से पुलिस ने एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही गौकशी से जुड़े उपकरण भी बरामद हुए हैं।
सीओ हाइवे शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि आरोपी पर विभिन्न थानों में करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गौकशी और गैंगस्टर एक्ट के गंभीर मामले शामिल हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। इलाके में इस कार्रवाई के बाद पुलिस की सक्रियता की चर्चा है।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली