फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 275 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य आरोपियों के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस टीम ने शुक्रवार को गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर रहपुरा अंडरपास के पास होल्डिंग पोल के नीचे से अजय (21) निवासी ग्राम भोलापुर को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 275 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूछताछ में अजय ने बताया कि उसे गांव के ही गौतम पुत्र भगवान दास और प्रशांत उर्फ प्यारे गुर्जर ने पैसों का लालच देकर स्मैक सप्लाई के लिए भेजा था। सौदा तय होने के बाद रहपुरा अंडरपास पर किसी व्यक्ति को माल देना था। पुलिस अब दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उस पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
इस कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक अनूप सिंह, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार और कांस्टेबल अक्षय कुमार शामिल रहे।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने कहा है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली