दुद्धी सोनभद्र। (विवेक सिंह) विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सलैयाडीह की बियारी बस्ती स्थित रेलवे अंडरपास के समीप अप लाइन के पोल संख्या 57/29 पर रविवार रात्रि करीब 9 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पैसेंजर ट्रेन से कटने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक की शिनाख्त के लिए जमकर कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। सूचना पर रेलवे जीआरपी पुलिस और विंढमगंज थाना पुलिस दोनों बल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना किया, शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया।
विंढमगंज थाना प्रभारी सुनील कुमार राय ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जल्द ही शिनाख्त हो जाएगी । इस हृदयविदारक घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।